लूट की वारदातों में शामिल तीन आरोपी गिरफ्तार

0
207

Jalandhar

भाजपा नेता शीतल अंगुराल ने लाटरी स्टाल की दुकान से लूट की वारदात की सीसीटीवी वीडियो की थी वायरल

जालंधर के नार्थ हलके में लॉटरी दुकान से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों का पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात को लेकर भाजपा नेता शीतल अंगूरल की तरफ से कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर लूट की वारदात की सीसीटीवी वीडियो जारी की गई थी। इसके बाद से लूट की वारदात को ट्रेस करने के लिए कमिश्नरेट पुलिस जुट गई थी।

इसके बाद अब थाना 8 की पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले तीनो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

एसीपी नार्थ संजय कुमार ने बताया कि श्री देवी तालाब मंदिर के पीछे शाह सिकंदर रोड पर लॉटरी की दुकान में हुई लूट की वीडियो सोशल मीडिया काफी वायरल हुई थी। जिसके बाद थाना 8 की पुलिस ने कार्रवाई करते 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कर्णजीत सिंह उर्फ नन्ना, कर्ण सिंह निवासी कोट बाबा दीप सिंह नगर और शुभम नारंग उर्फ लंडन निवासी बशीरपुरा के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करके 2 दिन के रिमांड हासिल किया है। पुलिस को आरोपियों के बारे में सूचना मिली थी कि 3 संदिग्ध गुज्जापीर में लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे है। जिसके बाद पुलिस ने ट्रैप लगाकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में आरोपियों ने लॉटरी की दुकान में हुई लूट की वारदात कबूली। पुलिस जांच में सामने आया है कि कर्णजीत पहले ही पुलिस 2 केसों में वांटेड था। जांच में गैरकानूनी शॉप लुधियाना के गुरदीप सिंह की बताई गई है।

पूछताछ में तीनों लुटेरों ने माना कि उन्हें पता था कि शाह सिकंदर रोड पर लॉटरी की आड़ में सट्टेबाजी हो रही थी। इसलिए तीनों 13 नंवबर को लूटने गए थे। वहां से करीब 9 हजार रुपए लूट कर ले गए थे। थाना-8 के एसएचओ यादविंदर सिंह और सब इंस्पेक्टर जगदीश लाल ने सीसीटीवी फुटेज के जरिये तीनों लुटेरे ट्रेस करके पकड़े है। आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को और खुलासे होने की संभावना है। बता दें कि कुछ दिन पहले लॉटरी की दुकान पर तेजधार हथियारों के साथ आरोपियों ने हमला किया था। इस दौरान आरोपी दुकानदार और ग्राहकों से नगदी छीनकर फरार हो गए थे।

भाजपा के नेता शीतल अंगूरल ने इस लूट की वारदात को लेकर सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल की थी। इसके बाद से कमिश्नरेट पुलिस में हड़कंप मच गया था। पुलिस हमेशा दावा करती है कि शहर में लूटपाट की वारदातें काम हो गई हैं। वहीं पुलिस यह भी दावा करती है कि शहर भर में कोई भी अवैध लॉटरी की दुकान नहीं खुली हुई है। लेकिन लॉटरी की दुकान भी खुली मिली और दिनदहाड़े उसे दुकान में लूट की वारदात भी हुई। इसके बाद शहर में पुलिस की काफी किर किरी भी हुई।