लुधियाना में आतंकियों का एनकाउंटर: एक को 3, दूसरे को एक गोली लगी, एक की हालत गंभीर; CP बोले- PAK टेरर मॉड्यूल से जुड़े

0
274
Terrorists encounter in ludhiana by punjab police
Terrorists encounter in ludhiana by punjab police

पंजाब के लुधियाना में पुलिस ने आतंकियों का एनकाउंटर किया है। यह मुठभेड़ दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर लाडोवाल टोल प्लाजा के पास हुई। पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने बताया कि कुछ दिन पहले पुलिस ने PAK टेरर मॉड्यूल से जुड़े 3 आतंकी पकड़े थे।

उनसे पूछताछ के बाद इनके बारे में पता चला था। जिसके बाद पुलिस ने इन्हें पकड़ने के लिए ट्रैप लगाया था। मगर, पुलिस के घेरने पर उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। आतंकियों ने DCP की गाड़ी को टारगेट किया।

इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। जिसमें एक आतंकी को 3 और दूसरे को एक गोली लगी है। 3 गोली लगने वाले आतंकी की हालत गंभीर बनी हुई है। इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि ये ग्रेनेड की डिलीवरी लेने के लिए आए थे। जिसके बाद इन्हें पाकिस्तानी हैंडलर के कहे मुताबिक ग्रेनेड अटैक करना था। इनसे 2 चाइना मेड ग्रेनेड, 5 चाइनीज पिस्टल और 50 से ज्यादा कारतूस बरामद हुए हैं।पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा मौके पर पहुंचे। स्पॉट पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

एनकाउंटर को लेकर पुलिस कमिश्नर की अहम बातें…

पाक टेरर मॉड्यूल से जुड़े आतंकी: पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने कहा- यह एक टेरर मॉड्यूल से जुड़े थे, जिसे पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI हैंडल कर रही थी। इनका हैंडलर पाकिस्तान से बैठकर अलग-अलग जगह पर बात करता था। हर व्यक्ति को अलग-अलग टास्क दिया गया था। इन्हें वर्चुअल नंबर से कॉल आती थी। वर्चुअल नंबर पाकिस्तान से चल रहा था। कॉल भी वहां से आ रही थी। कॉल करने वाला ISI से जुड़ा था। इसके ग्रुप के बारे में जल्द खुलासा करेंगे।

3 लोग पहले अरेस्ट किए, वर्चुअल नंबर से कॉल आती थी: पुलिस कमिश्नर ने कहा- इन्फॉर्मेशन मिलने के बाद लुधियाना पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें हरियाणा के फतेहाबाद का अजय, बिहार के भोजपुर का अर्थ और पंजाब के फिरोजपुर का शमशेर शामिल थे। सभी का क्रिमिनल रिकार्ड है।ग्रेनेड लेने आए थे, अटैक करना थाः पुलिस कमिश्नर ने आतंकियों से एनकाउंटर होने के मामले में कहा-पाकिस्तान बेस्ड हैंडलर ने इन्हें टास्क दिया था कि पर्टिकुलर स्पॉट पर ग्रेनेड पड़े हैं। वहीं पर ग्रेनेड का एक्सचेंज होगा। ये दोनों ग्रेनेड लेने के लिए आए थे। इसके बाद इन ग्रेनेड को एक तय जगह पर फेंककर अटैक करना था। जिसके जरिए जानी नुकसान कर आतंक फैलाना था। इसके अलावा प्रदेश में माहौल खराब करना था।

इन्हें घेरा तो फायरिंग करने लगे, DCP की गाड़ी पर लगी गोलियां: पुलिस कमिश्नर ने कहा- इनपुट के बाद पुलिस ने ट्रैप लगाया था। ये बाइक पर बस्ती जोधेवाल की तरफ से आ रहे थे। जब इनको घेरा गया तो इन्होंने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। DCP (इन्वेस्टिगेशन) व उनकी टीम की गाड़ी पर इन्होंने 4 फायर किए। इसके अलावा भी ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं जिसके बाद पुलिस ने पहले हवाई फायरिंग कर चेतावनी दी।

पुलिस ने 4 गोलियां चलाईं, छाती-पेट में गोली लगने से एक गंभीरः पुलिस कमिश्नर ने कहा- पुलिस की हवाई फायरिंग की चेतावनी के बाद भी आतंकीताबड़तोड़ फायरिंग करते रहे। इसके बाद पुलिस ने उन पर 4 गोलियां चलाईं। इनमें से 3 गोली एक और 1 गोली दूसरे आतंकी को लगी। जिसके बाद उन्हें काबू कर लिया गया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। इनमें एक की हालत गंभीर है। अभी मौत कन्फर्म नहीं है। उसके एक गोली छाती दूसरी पेट में लगी है।