कनाडा में पंजाबी सिंगर एमी विर्क से जुड़े काफिले की एक गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग की खबर से हड़कंप मच गया है. यह घटना 5 सितंबर की रात एबॉट्सफोर्ड में हुई, जब एक गाड़ी पर दूसरी गाड़ी में सवार लोगों ने कई गोलियां चलाईं. गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ. फायरिंग के कुछ देर बाद पास के इलाके में एक SUV आग की लपटों में घिरी मिली. स्थानीय मीडिया ने सूत्रों के हवाले से गाड़ी को एमी विर्क के काफिले से जुड़ा बताया है.
घटना के वक्त गाड़ी कनाडा के एबॉट्सफोर्ड इलाके में थी. गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ. फायरिंग के कुछ ही समय बाद पास के इलाके में एक SUV में भी आग लगने की खबर सामने आई, जिसके बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया. ‘द इंडो कनाडा वाइस’ की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि फायरिंग के पीछे की वजह क्या थी.
शनिवार रात हुई फायरिंगपुलिस के मुताबिक, शनिवार 5 सितंबर को रात करीब 11 बजे के बाद एक वाहन एबॉट्सफोर्ड के 2500-ब्लॉक ऑफ मैक्कलम रोड से गुजर रहा था. इसी दौरान किसी दूसरे वाहन में सवार लोगों ने उस पर फायरिंग कर दी. रिपोर्ट में बताया गया है कि एक गहरे रंग की SUV में सवार लोगों ने टारगेट किए गए वाहन पर कई गोलियां चलाईं. घटना की जानकारी मिलते ही एबॉट्सफोर्ड पुलिस के पेट्रोल अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने पुष्टि की कि वहां गोलीबारी हुई थी. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई.
फायरिंग के कुछ ही समय बाद पुलिस को 2400-ब्लॉक ऑफ सनीसाइड प्लेस में एक वाहन में आग लगने की सूचना मिली. मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने एक SUV को पूरी तरह आग की लपटों में घिरा हुआ पाया. पुलिस की मेजर क्राइम यूनिट ने अब इस मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है. जांचकर्ताओं की कोशिश यह पता लगाने की है कि फायरिंग के पीछे क्या वजह थी और क्या वाहन में लगी आग का इस घटना से कोई संबंध है. पुलिस की शुरुआती जांच में यह घटना टारगेटेड यानी किसी खास वाहन या व्यक्ति को निशाना बनाकर की गई वारदात लग रही है.
‘द इंडो कनाडा वाइस’ से बात करने वाले सूत्रों के मुताबिक, जिस वाहन पर फायरिंग हुई, वह कथित तौर पर पंजाबी सिंगर एमी विर्क से जुड़े काफिले का हिस्सा था। एमी विर्क ने उसी शाम रोजर्स फोरम में परफॉर्म किया था. सूत्रों ने यह भी दावा किया कि जिस गाड़ी को निशाना बनाया गया, वह बुलेटप्रूफ थी. कुछ सूत्रों के मुताबिक, इसी वाहन में एमी विर्क और शो के प्रमोटर यात्रा कर रहे थे. प्रमोटर के बारे में बताया गया है कि वह सरे स्थित पंजाबी रेडियो स्टेशन Swift 1200 AM के मालिक के बेटे हैं. इसी रेडियो स्टेशन को पिछले साल भी निशाना बनाया गया था. एबॉट्सफोर्ड पुलिस के सार्जेंट पॉल वॉकर ने कहा कि जांच अभी जारी है और अधिकारी सबूत जुटाने के साथ मामले को आगे बढ़ा रहे हैं.












