मोटरसाइकिल सवारों को बचाने के प्रयास में डिवाइडर पार कर दूसरी बस से टकराई एक बस, प्रशासनिक पुष्टि का इंतजार
तरन तारन नेशनल हाईवे नंबर-54 पर शनिवार शाम करीब 4 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं को लेकर जा रही दो बसों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल सवारों को बचाने के प्रयास में एक बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर सड़क के दूसरी ओर पहुंच गई और सामने से आ रही दूसरी बस से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। बसों में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को बसों से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने के प्रयास किए गए।
वहीं, हादसे में करीब 10 लोगों की मौत होने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक प्रशासन या पुलिस की ओर से मृतकों की संख्या को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।
हादसे के प्रत्यक्षदर्शी एवं कोट ईसे खां के प्रमुख राजनीतिक नेता बलबीर सिंह पांधी ने बताया कि दोनों बसों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बसों के परखच्चे उड़ गए। बसों की हालत देखकर बड़े स्तर पर जानमाल के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों और हताहतों की वास्तविक संख्या का पता लगाया जा रहा है।












